बहराइच , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात घने कोहरे के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा गगनचक के पास हुआ। मृतक की पहचान पयागपुर थाना क्षेत्र के इमलियागंज निवासी तहसीलदार के रूप में हुई है, जो दरगाह क्षेत्र स्थित मालानी एग्रो मिल में कार्यरत था। वह अपने तीन साथियों विजय, राजराज और दिलीप (निवासी इकौना, जनपद श्रावस्ती) के साथ काम से लौट रहा था, तभी कोहरे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने तहसीलदार को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित