काेलकाता , दिसंबर 20 -- पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के ताहिरपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्धारित दौरे के दौरान शनिवार सुबह उस समय अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई, जब घने कोहरे के कारण उनका हेलिकॉप्टर कार्यक्रम स्थल पर नहीं उतर सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के हेलिकॉप्टर ने दमदम हवाई अड्डे से सुबह 10:33 बजे उड़ान भरा था लेकिन कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर ताहिरपुर में नहीं उतर पाया और वापस लौटने को मजबूर हुआ। श्री मोदी का ताहिरपुर पहुंचने का समय सुबह 11:15 बजे निर्धारित था।

अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री इस समय दमदम हवाई अड्डे पर हैं क्योंकि मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं है। दृश्यता में सुधार न होने पर वह सड़क मार्ग से ताहिरपुर जा सकते हैं।

श्री मोदी ताहिरपुर में दो कार्यक्रमों में भाग लेने वाले थे। जिसमें एक प्रशासनिक कार्यक्रम बड़े विकास परियोजनाओं से जुड़ा है और दूसरा राजनीतिक रैली का आयोजन है। राजनीतिक रैली का नाम "परिवर्तन संकल्प सभा" दिया गया है। ये कार्यक्रम ताहिरपुर के नेताजी पार्क में आयोजित किए जाने वाले थे, जहां व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। हालांकि, देरी के कारण कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई।

रैली मैदान के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कथित रूप से प्रवेश करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए रोक लगाई और हंगामा होने लगा। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर अनिश्चितता के कारण पुलिस अधिकारियों ने स्थिति बिगड़ने का अंदेशा जताया और भीड़ नियंत्रण के उपाय कड़े कर दिए।

श्री मोदी ने निर्धारित रैली से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया एक्स (पूर्व ट्विटर) पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला किया और पार्टी पर कथित रूप से दुराचार, लूट और डर का आरोप लगाया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा को "जनता की आशा" की किरण बताया। उन्होंने कहा कि लोग केंद्र की जनहितकारी कार्यों से लाभान्वित हो रहे हैं लेकिन राज्य सरकार की नाकामियों के कारण बेहद परेशान हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित