बिलासपुर, मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित कोल इंडिया अंतर-कंपनी शतरंज प्रतियोगिता 2025-26 का समापन शनिवार को हुआ।

तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कोल इंडिया की सभी आठ अनुषंगी कंपनियों के साथ-साथ सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं होतीं, बल्कि विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, खेल भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, सीखने की भावना और निष्पक्ष खेल की भावना है।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी - योजना/ परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, विभिन्न श्रमसंघ प्रतिनिधियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब जीता। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वितीय स्थान पर रही, जबकि महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उच्च स्तर के खेल कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन समिति के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के बीच मानसिक दक्षता और रणनीतिक सोच को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता ने सभी प्रतिभागियों को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग और बौद्धिक आदान-प्रदान का एक सशक्त माध्यम प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित