कोलकाता , फरवरी 17 -- पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस ने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में कथित रूप से रुकने के आरोप में छह बंगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि ये गिरफ्तारियां पार्क स्ट्रीट के एक होटल में छापेमारी के बाद की गयीं। गिरफ्तार किये गये सभी छह व्यक्ति अवामी लीग के सदस्य हैं।

गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान आबिर हुसैन, मोहम्मद मामून राशिद, मोहम्मद अलीमुन गाज़ी, आज़म मोल्ला, फैज़ल अमीन और ज़ैदुल इस्लाम के रूप में हुई है। इनमें से श्री मोल्ला बंगलादेश के एक गायक हैं।

पुलिस ने कहा कि उन्हें विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी कि बंगलादेशी नागरिकों का एक समूह वीजा की वैधता समाप्त होने के बाद भी पार्क स्ट्रीट के एक होटल में रह रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एक टीम ने छापेमारी की और 16 फरवरी को छह लोगों को हिरासत में ले लिया। जांचकर्ताओं ने यह भी कहा कि यह समूह भारत के बाहर नौकरी तलाश कर कोलकाता से विदेश भागने की संभावनाओं को भी तलाश रहा था।

आरोपियों ने पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को बताया कि उन्होंने मेडिकल वीजा पर भारत में प्रवेश किया था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वे बंगलादेश वापस नहीं लौटे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें डर था कि अगर वे अपने देश वापस गये तो उन पर हमला हो सकता है और इसलिए वे अवैध रूप से भारत में रुके रहे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि छह बंगलादेशी नागरिकों के वीजा नवंबर से जनवरी के बीच समाप्त हो गये थे और श्री मोल्ला कोलकाता में परिचितों के लिए गाने भी गा रहे थे। इसके बावजूद, वे कथित तौर पर पकड़े जाने से बचने के लिए कोलकाता में होटल और ठिकाने बदलते रहे।

छह आरोपियों को 16 फरवरी को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने अनुरोध किया कि उन्हें वापस बंगलादेश न भेजा जाये। अधिकारियों ने हालांकि स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और यदि वे दोषी पाये जाते हैं, तो वे भारतीय कानून के अनुसार सजा काटेंगे, जिसके बाद उन्हें वापस बंगलादेश भेज दिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित