कोलकाता , दिसंबर 18 -- पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित अलीपुर चिड़ियाघर में ओडिशा के नंदनकानन से लायी गयी 34 माह की एक बाघिन की अज्ञात बीमारी से मौत हो गयी है। पिछले तीन महीनों में अलीपुर चिड़ियाघर में रॉयल बंगाल टाइगर की यह तीसरी मौत है जिससे राज्य के पशु प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों के बीच गहरी चिंता पैदा हो गयी है।

यह बाघिन नंदनकानन में पैदा हुयी थी और उसे अगस्त में कोलकाता लाया गया था। उसे बुधवार को चिड़ियाघर के पिंजरे में मृत पाया गया।

अलीपुर चिड़ियाघर की निदेशक तृप्ति साह ने बताया कि बाघिन का पोस्टमार्टम कर दिया गया है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा परीक्षण किया जा रहा है। चिड़ियाघर के सूत्रों के अनुसार यह युवा बाघिन हीमोप्रोटोज़ोअन नामक परजीवी के कारण होने वाले संक्रमण से जूझ रही थी। उसे इलाज के लिए चिड़ियाघर के रिकवरी सेंटर में भर्ती कराया गया था जहाँ उसकी मृत्यु हो गयी। यह परजीवी आमतौर पर काटने वाली मक्खियों से फैलता है जिससे पशुओं में बुखार, एनीमिया और पीलिया जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित