देहरादून , फरवरी 14 -- केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर बल दिया।

श्री नड्डा आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर कमेटी बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने प्रदेश में संगठन और सरकार के मध्य बेहतर समन्वय विकास कार्यों की उपलब्धियों के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई। वहीं तीन बिंदुओं पर फोकस इस बैठक में 27 के चुनावों में जीत को लेकर रणनीतिक मार्गदर्शन दिया।

संवाददाताओं को बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि श्री नड्डा के समक्ष संगठन के कार्यक्रमों और सरकार के कामों की विस्तार से समीक्षात्मक चर्चा की गई। जिसमें उन्होंने प्रदेश संगठन और सरकार की पीठ थपथपाते हुए सभी से वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने रणनीतिक मार्गदर्शन देते हुए कि कैसे पार्टी को एकजुटता से काम करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में पहले से भी बड़ी जीत को हासिल करना है।

श्री भट्ट ने बताया कि बैठक में मुख्यत तीन बिंदुओं पर चर्चा हुई जिसमें सरकार और संगठन के समन्वय को अधिक बेहतर करते हुए जन जन तक अपनी उपलब्धियां को पहुंचाया जाए। जिसकी शुरुआत आगामी 17 फरवरी को मुख्यमंत्री के साथ संगठन बैठक से होगी जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला सह प्रभारी सम्मिलित होंगे।

उन्होंने बताया कि शीघ्र विधानसभा चुनाव की दृष्टि से मंडल स्तर पर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और बीएलओ के सम्मेलन किए जायेंगे। जिसमें पार्टी का लक्ष्य है कि सभी बूथों को मजबूत किया जाए। विशेषकर जहां पिछले चुनावों में हारे गए बूथों के नतीजे भी बदले जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 मार्च को प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर 1.5 से 2.0 की जनसंख्या वाली रैली आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रधानमंत्री या गृहमंत्री से समय मांगा जाएगा। इसी तरह 17 फरवरी से पार्टी प्रदेश में प्रशिक्षण महा अभियान की शुरुआत प्रदेश कार्यशाला से करने वाली है। जिसके बाद मंडल और जिले स्तर पर प्रशिक्षण महा अभियान की कार्यशाला संचालित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोर कमेटी में संगठन के आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित