कोरबा , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित डीएसपीएम के बी-टाइप वीआईपी रेस्टहाउस में विभागीय अधिकारियों द्वारा शराब पार्टी किए जाने का मामला सामने आया है, जिस पर उद्योग मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएसपीएम के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार चार अन्य अधिकारियों के साथ रेस्टहाउस के वीआईपी कमरे में शराब पीते नजर आए। मौके पर खाली शराब की बोतलें, चखना सामग्री और पानी रखे हुए मिले। वहीं रेस्टहाउस के किचन में स्थित फ्रीजर में बियर की बोतलें भी पाई गईं।

जानकारी के अनुसार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कोरबा प्रवास के दौरान उनसे मिलने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी रेस्टहाउस पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंत्री को सूचना दी कि वीआईपी कक्ष में कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस. के. कटियार को फोन कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे में सिगरेट का धुआं फैला हुआ था और अधिकारी नियमों की अनदेखी करते हुए नशे की हालत में थे। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित