कोरबा , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव की है, जहां सोमवार देर रात करीब एक बजे यह घटना घटी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तनिष्क के रूप में हुई है, जो अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ तरदा स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल की छत पर सो रहा था। अविनाश कर्ष उक्त स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत है।

बताया जा रहा है कि दोनों भाई देर रात एक शादी समारोह से लौटने के बाद शराब के नशे में स्कूल की छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से तनिष्क लगभग 30 फुट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद अविनाश के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल जिला अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित