कोरबा , अप्रैल 25 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में शनिवार को मामूली विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब सिग्नल पर गाड़ी साइड लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष चौक की बताई जा रही है, जहां एक महिला और उसके परिवार के लोगों ने एक डिलीवरी बॉय की बीच सड़क लात-घूंसों से पिटाई कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन में सवार एक परिवार, जो पथरीपारा बस्ती का निवासी बताया जा रहा है, का ओला स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय से सिग्नल पर गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला समेत उसके परिजनों ने युवक के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी, प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा ने बताया कि डिलीवरी बॉय की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित