कोरबा , मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीडुग्गू इलाके में सर्जिकल ब्लेड और चाकू से किए गए हमले में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और मोहल्लेवासी कोतवाली थाना पहुंचकर नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात चार से पांच युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं धन सिंह और मोहन ठाकुर को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हमले में शामिल आरोपियों के रूप में मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश सहित अन्य के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सीतामढ़ी क्षेत्र में गांजा और नशीली गोलियों का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिसके कारण आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती का माहौल लगातार खराब होता जा रहा है और महिलाओं का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
घायल युवक की मां कविता ने सवाल उठाया कि लगातार कार्रवाई के दावों के बावजूद नशीले पदार्थ कहां से आ रहे हैं और इन्हें कौन बेच रहा है, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी नागेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी आम हो चुकी है तथा पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित