कोरबा , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के बाकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात वाहन के पलटने से एक मासूम की मौत हो गयी और छह से अधिक लोग घायल हो गये। वाहन पलटने के बाद से चालक फरार है।
शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हुआ वाहन (बोलेरो) अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक मासूम बालिका की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गवन कार्यक्रम से लौट रहा वाहन दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।
वाहन में करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। बताया जा रहा है कि वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव से किराए पर लिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल बाकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही दर्री सीएसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित