कोरबा , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को घटित हुई पहली घटना में नशे की हालत में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई, जबकि दूसरी घटना में खड़ी ट्रेलर में पीछे से कोयला लोड वाहन जा टकराया।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना बागों थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-130 पर रेगनिया के पास बुधवार अपराह्न में हुई। शराब के नशे में धुत दो बाइक सवारों के बीच तेज रफ्तार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना है।
दूसरी घटना पाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लगभग एक बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल नाका के पास हुई। यहां कोयला लोड एक ट्रेलर वाहन ईंधन खत्म होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कोयला लोड ट्रेलर ने खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, जिससे ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित