कोरबा , अप्रैल 26 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जटगा चौकी इलाके में एक युवक द्वारा मंदिर परिसरों में आगजनी और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले एक शिव मंदिर में आग लगा दी, जिसके बाद तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने पास में स्थापित शिवलिंग को उखाड़कर तालाब में फेंक दिया।
बताया गया है कि कुछ महीने पूर्व भी इसी परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाया गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों में पहले से ही नाराजगी थी। ताजा घटना के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित