कोरबा , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोतवाली थाना पुलिस पर एक युवक के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट करने का आज गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित युवक की जांघ की हड्डी टूटने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने शिकायत के बाद जांच के आदेश देते हुए टीम गठित कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना अंतर्गत धनुवारपारा (रानी रोड) निवासी राजेश मतवानी वर्ष 2022 में अपने पिता के साथ हुई सड़क दुर्घटना के मामले में जांच की स्थिति और कार्रवाई की जानकारी लेने थाने पहुंचा था।
इसी दौरान उसके साथ कथित रूप से मारपीट की घटना हुई। पीड़ित के चाचा श्रीचंद मतवानी द्वारा एसपी को सौंपे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाने में मौजूद 4-5 पुलिसकर्मियों ने राजेश को घेरकर गाली-गलौज की और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा।
आरोप है कि मारपीट के दौरान प्लास्टिक पाइप और पट्टे का इस्तेमाल किया गया तथा उसके पैर को इस कदर मोड़ा गया कि उसकी जांघ के पास की हड्डी टूट गई।
गंभीर रूप से घायल राजेश को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे लंबे समय से दुर्घटना मामले में न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें गुमराह किया जा रहा था। जब युवक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और कार्रवाई की मांग की, तो उसके साथ मारपीट की गई।
परिजनों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पुलिस ने उनके साथ अत्याचार किया है।
इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा एसपी को शिकायत दी गई है। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित