कोरबा, 12 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर बरपाली के समीप लालघाट के पास शनिवार देर रात डीजल टैंकर और ट्रेलर वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने वाहन में फंस गए। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

इस दौरान अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पूरी तरह जाम हो गया जिसमें कई चारपहिया और भारी वाहन फंसे रहे। प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का काफिला भी घंटों तक इसी जाम में फंसा रहा।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बड़ी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

हादसे में दोनों वाहन चालकों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित