कोरबा, 13 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई राष्ट्रीय राजमार्ग पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात लगभग 12 बजे दो कारों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमने-सामने टक्कर में दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे आगे बैठे कुछ लोगों की जान बच गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों मौके पर एकत्रित हो गये और घटना की सूचना मोरगा चौकी पुलिस और डायल 112 को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित