कोरबा , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा वन परिक्षेत्र के ग्राम बिंझरा में गुरुवार को दंतैल हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान 36 वर्षीय मीना बाई के रूप में हुई है। वह अपने पति रामकुमार के साथ सुबह गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गई थी। लौटते समय अचानक दंतैल हाथी से सामना हो गया। हाथी को देखते ही पति जान बचाकर भाग निकला, जबकि हाथी ने महिला को दौड़ाकर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी बिलासपुर रेंज से भटककर कटघोरा वनमंडल में पहुंचा है। इससे पहले भी बिलासपुर में पांच दिन पूर्व एक महिला को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। चैतमा के बाद यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है, जबकि एक सप्ताह में हाथी के हमले से तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित