हरिद्वार , फरवरी 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने की फिराक में था लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वह ज्यादा दिन तक बच नहीं सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सुल्तानपुर आमदपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोहन पुत्र जगपाल ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म कर गाली-गलौच की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। शनिवार को टीम ने संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और आने-जाने के रास्तों पर निगरानी रखते हुए मैनुअल एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सघन तलाश अभियान चलाया।
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी को सुल्तानपुर क्षेत्र से धर दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए क्षेत्र छोड़कर भागने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित