हरिद्वार, फ़रवरी 08 -- उत्तराखंड में कोतवाली रुड़की पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देशों के बाद गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 फरवरी को पीड़िता द्वारा कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मेहरबान पुत्र मकसूद ने पीड़िता को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिसके बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। वहीं, उसके साथी दानिश पुत्र सुक्का एवं अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील द्वारा इस कृत्य का अश्लील वीडियो बनाए जाने का गंभीर आरोप भी लगाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुड़की में मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसएसपी हरिद्वार ने घटना को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में गठित पुलिस टीम ने गहन छानबीन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मेहरबान पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम जौरासी अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील, निवासी जौरासी को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित