धार , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में कोतवाली पुलिस ने जिलाबदर बदमाश रवि पिता दिलीप खराड़ी को निष्कासन आदेश का उल्लंघन कर जिले की सीमा में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट, छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास जैसे आठ गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार रवि खराड़ी (30) निवासी गंजीखाना आदतन अपराधी है और वर्ष 2011 से लगातार मारपीट, जान से मारने की धमकी, छेड़छाड़ तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध कुल आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

जिला दण्डाधिकारी धार ने 14 जनवरी 2026 को उसे एक वर्ष के लिए जिला धार सहित इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन और अलीराजपुर की सीमाओं से बाहर रहने का निष्कासन आदेश जारी किया था।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रवि खराड़ी जेल रोड और आरटीओ के बीच नाले के पास देखा गया है। इस पर नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी जिले में प्रवेश की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। जिला दण्डाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस ने उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित