शहडोल , अप्रैल 5 -- मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा कस्बे में बस स्टैंड के पास स्थित अग्रवाल लॉज शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बगल में बने गड्ढे में धंस गया, जिससे दो ग्रामीणों की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी कोतमा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर और बाद में शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान हनुमान दीन यादव, जो पेशे से टाइल्स मिस्त्री था, तथा रामकृपाल यादव के रूप में हुई है, जो फुनगा से कोतमा आया था।

घटना के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लॉज के समीप लगभग 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भर जाने के कारण भूमि धंस गई और यह हादसा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित