कोण्डागांव , मई 01 -- अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मसोरा में श्रमिकों के लिए एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दिशा-निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रिंगरी के मार्गदर्शन एवं सचिव गायत्री साय के नेतृत्व में किया गया। शिविर में प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट, अधिकार मित्र रंजन बैध और लोकेश यादव ने श्रमिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
शिविर में बताया गया कि प्रत्येक श्रमिक को समान कार्य के लिए समान वेतन पाने का अधिकार है तथा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में वह विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है। इस दौरान न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, कार्यस्थल पर सुरक्षा, बोनस, मातृत्व लाभ, पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित