कोण्डागांव , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत महज 24 घंटे के भीतर दो अपहृत नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया, जिसकी जानकारी आज पुलिस ने दी ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13-13 वर्षीय पुत्री और भांजी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 107 एवं 108/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान दोनों नाबालिगों के ग्राम कोचईबेड़ा (थाना बड़े डोंगर) में होने की जानकारी मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया।
इसी के साथ 'ऑपरेशन तलाश' के तहत पुलिस ने तीन गुमशुदा महिलाओं को भी दस्तयाब किया। इनमें 18 वर्षीय अंजली मरकाम को 18 अप्रैल को, 21 वर्षीय रोहिता मरकाम को 17 अप्रैल को नगरनार से तथा 65 वर्षीय सुरजोतिन यादव को 19 अप्रैल को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित