जौनपुर , दिसम्बर 18 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। ये तीनों आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक बताए जा रहे हैं, जो जांच में नाम सामने आने के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध दवा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि अब तक इस मामले में 12 मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। यह मामला सिर्फ अवैध बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार एक संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है, जिसकी परतें एक-एक कर खुलती जा रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप के दुरुपयोग और अवैध आपूर्ति को लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसकी निष्पक्ष जांच के लिए स्थानीय स्तर एक एस आई टी टीम गठित किया गया है। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद अब आरोपियों के जिले से बाहर जाने पर भी रोक लग जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित