अल्मोड़ा , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में गुरुवार को अल्मोड़ा में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के दुरुपयोग, अवैध आवागमन एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत औषधि निरीक्षक पूजा जोशी द्वारा जिले के विभिन्न खुदरा और थोक औषधि प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया गया। दवाओं के स्टॉक का सत्यापन किया गया तथा खरीद-बिक्री अभिलेखों की गहन जांच की गयी।
निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में तथा पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी के विधिवत पर्चे पर ही की जा रही है।
अभियान के तहत परीक्षण एवं विश्लेषण के उद्देश्य से दवाओं के तीन नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु राज्य विश्लेषणशाला भेजा गया। इसके अतिरिक्त औषधि प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी गहन जांच की गई।
इस अवसर पर औषधि निरीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम जनता विशेषकर युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना है। भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित