कोडरमा , फरवरी 13 -- झारखण्ड के कोडरमा जिले में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र में संचालित एक नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, स्प्रिट, विभिन्न ब्रांड के लेबल, ढक्कन, रैपर, बारकोड स्टीकर, रासायनिक पदार्थ और एक कार जब्त की है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य फरार हो गए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवारा थाना अंतर्गत भुईंया टोली स्थित एक बंद पड़े मुर्गी फार्म में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी पु०अ०नि० शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखते ही कई लोग मौके से भागने लगे, जिनमें से दो को खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार (30 वर्ष, पटना) और गोपाल सिंह (50 वर्ष, गया) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से पियूष कुमार पांडेय और उसके भाई आयुष कुमार पांडेय द्वारा संचालित अवैध शराब फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अन्य सहयोगियों की पहचान भी की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी के दौरान 100 लीटर तैयार नकली शराब, 120 लीटर स्प्रिट, 218 भरी बोतल (91.2 लीटर), 455 खाली बोतल, 4590 ढक्कन, 11 रोल लेबल, 82 इम्पीरियल ब्लू लेबल, 432 बारकोड स्टीकर समेत कुल 191.2 लीटर नकली शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,30,016 रुपये बताई गई है। साथ ही रासायनिक पदार्थ, छह पानी के गैलन, दो मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिजायर कार (बीआर01एफएल6469) जब्त की गई।

इस संबंध में चंदवारा थाना कांड संख्या 13/26 दिनांक 11.02.2026 के तहत बीएनएस और उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित