कोडरमा, मार्च 12 -- झारखंड के कोडरमा जिले के कोडरमा थाना अंतर्गत कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नगरखारा के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नवलशाही निवासी 62 वर्षीय दिनेश्वर ठाकुर पिता स्व. बबून ठाकुर तथा उनके दामाद गिरिडीह के चिलगा गांव निवासी 35 वर्षीय सचिन ठाकुर के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिट्टी लदा एक हाईवा डोमचांच से कोडरमा की ओर आ रहा था। वहीं उस हाईवा के ठीक पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दिनेश्वर ठाकुर तथा उनके दामाद सचिन ठाकुर कोडरमा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नगरखारा के समीप बाइक सवार ने हाईवा से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी बीच बाइक सवार हाईवा की चपेट में आ गया और बाइक हाईवा में ही फंसा रह गया।
इस दौरान बाइक के हाईवा में फंस जाने के कारण करीब 100 मीटर तक हाईवा उक्त बाइक व उस पर सवार दोनों लोगों को घसीटते हुए जलवाबाद तक पहुंच गया। इस दौरान बाइक सवार दोनों लोगों के शरीर के चिथड़े उड़ गए और उनके शरीर के कई टुकड़े सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद आसपास के लोग काफी संख्या में जुटे।
पुलिस ने हाईवा चालक व उपचालक को हिरासत में ले लिया है, वहीं उक्त हाईवा को जब्त कर लिया है। इधर घटना की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से नवलशाही तक पहुंची। जिसके पश्चात दिनेश्वर ठाकुर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के कपड़ो तथा बाइक से उनकी शिनाख्त की। पुलिस ने दोनों शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित