रांची , अप्रैल 29 -- झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदोडीह गांव में एक विवाहिता का संदेहास्पद स्थिति में शव बरामद किया गया है।

मृतका की पहचान 25 वर्षीय अर्चना कुमारी पति संतोष कुमार पंडित के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतक के भाई अनिल पंडित ने बताया कि उन्होंने अर्चना की शादी वर्ष 2018 में नंदोडीह निवासी संतोष पंडित से पूरे हिन्दू रीति रिवाज से की थी। शादी के पश्चात सब कुछ ठीक चल रहा था। इस दौरान अर्चना ने दो बच्चियों को जन्म दिया।

अभी कुछ महीने पहले अर्चना और संतोष के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई थी, जिसे पारिवारिक स्तर पर निबटा दिया गया था। लेकिन उसके बाद से संतोष व उसे परिवार वाले लगातार अर्चना को किसी न किसी बात को लेकर प्रताड़ित करते रहते थे।

इधर बुधवार की सुबह उन्हें अर्चना की ननद ने फ़ोन कर सूचना दी कि अर्चना की तबियत काफी ज्यादा खराब हो गई है। जिसपर इन्होंने कहा कि उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जिसपर अर्चना ने फोन काट दिया। जिससे इन्हें संदेह हुआ और इन्होंने संतोष को फोन लगाया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। जिसके पस्चात ये लोग बिना विलंब किए अर्चना के ससुराल नंदोडीह पहुंचे। जहां पहुंचने पर इन्होंने देखा कि अर्चना अपने घर के अंदर बाथरूम के समीप मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।

वहीं उसके गले पर फंदे का निशान बना हुआ था। मृतका के स्वजनों को संदेह है कि अर्चना की उसके पति और ससुराल वालों ने हत्या कर उसे बाथरूम के बाहर फेंक दिया है। इधर घटना के पश्चात मृतका के पति संतोष और उसके ससुराल वाले घर से फरार हैं। वहीं मृतका के मायके वाले जमकर हंगामा कर रहे हैं।

इधर घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की छानबीन में जुट गए। इधर मृतका के परिजनों का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी पति और उसके परिजनों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें।

पुलिस फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाने हेतु सदर अस्पताल भेजने की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। बताते चलें कि मृतका के पति संतोष गांव के समीप एक किराने की दुकान चलाया करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित