कोडरमा , फरवरी 28 -- झारखंड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना अंतर्गत उरवां मोड़ के समीप शनिवार की एक एलपीजी टैंकर ने सवारी गाड़ी सहित फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले कई दुकानदारों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई है जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग से कोडरमा होकर एक एलपीजी टैंकर बिहार की ओर जा रही थी। वहीं झुमरीतिलैया से सवारी गाड़ी तिलैया डैम की ओर जा रही थी। जैसे ही सवारी गाड़ी उरवां मोड़ के पास पहुंची, हजारीबाग की ओर से कोडरमा की ओर जा रही एलपीजी टैंकर अचानक से सड़क के दूसरे लेन में घुस गई और वह अनियंत्रित होकर तिलैया डैम के रास्ते में जाने लगी।

इस दौरान पहले तो उसने सवारी गाड़ी को अपनी चपेट में लिया, उसके बाद फुटपाथ पर के कई दुकानदारों को भी अपने चपेट में ले लिया। इस दौरान कुछ मोटरसाइकिल सवार भी उक्त टैंकर की चपेट में आ गए। घटना में 11 लोग घायल हो गए। घटना के समय वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहीं वहां मौजूद सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। इधर घटना के बाद चंदवारा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा भेजा, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

वहीं इलाज के दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय रूपलाल सिंह के रूप में की गई है। घायलों में बरकट्ठा हजारीबाग निवासी मोहिनी देवी (45, पति कमल सिंह), सारो देवी (40, पति बुधन सिंह), मोहिनी देवी (40, पति नारायण सिंह), धनेश्वरी देवी (35, पति दर्शन सिंह), प्रसादी सिंह (55, पिता बालेश्वर सिंह), मनवा देवी (50, पति रूपलाल सिंह), सावित्री देवी (40, पति पितामंर सिंह), उड़हुल मासोमात (60, पति होरील राणा), बुधनी देवी पति (55, परमेश्वर सिंह) के नाम है। घटना के बाद गैस टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया है, पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है। वहीं पुलिस द्वारा गैस टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित