कोटा , फरवरी 26 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने पहल करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक समावेशी परियोजना शुरू की है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि यह परियोजना निर्भया कोष के तहत देश के 10 शहरों में आरंभिक परियोजना के रूप में संचालित की जाएगी जिनमें कोटा भी शामिल है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से देश के चुनिंदा दस शहरों में कोटा शहर का भी चयन किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि परियोजना के तहत कोटा जिले की ओर से एक विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करके निर्भया कोष की अधिकार प्राप्त समिति को शीघ्र ही प्रस्तुत किया जाना है। इसी को लेकर जिला कलक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्भया कोष के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों एवं सुझावों पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर ने कोटा शहर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले प्रावधानों के संबंध में प्रस्ताव आमंत्रित किए। उन्होंने इस संबंध में विभिन्न विभागों को अपने प्रस्ताव आगामी दो दिनों में बनाकर भेजने के निर्देश दिए ताकि महिला सुरक्षा की दिशा में कदम उठाए जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित