कोटा , फरवरी 13 -- राजस्थान के कोटा में शनिवार को आयोजित फागोत्सव-2026 भक्ति, उल्लास और रंगों की अद्भुत छटा बिखेरेगा।

आयोजकों ने शुक्रवार को बताया कि यह धार्मिक आयोजन श्रीराम रंगमंच, दशहरा मैदान में कल रात आठ बजे से होगा। इस ऐतिहासिक फागोत्सव में श्याम बाबा के दिव्य दरबार को जयपुर के सजावटी कलाकारों द्वारा कोलकाता, दिल्ली एवं चंडीगढ़ से मंगाये गये विशेष फूलों से भव्य श्रृंगार के साथ सजाया जाएगा। आयोजन स्थल पर अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, छप्पन भोग अर्पित होंगे साथ ही इत्र एवं पुष्प वर्षा से पूरा वातावरण श्याममय बनेगा।

आयोजकों ने बताया कि रंग-रंगीले फाग के बीच भक्तों पर भजनामृत की वर्षा होगी, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर होकर प्रभु भक्ति में लीन हो जाएंगे। इस अवसर पर कोलकाता से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहक रवि बैरीवाल एवं शुभम-रूपम जी बाजोरिया अपनी भावपूर्ण, संगीतमय भजन प्रस्तुतियों से श्याम प्रेमियों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराएंगे। उनके भजनों के साथ पूरा पांडाल जय श्री श्याम के जयघोष से गूंज उठेगा। यह 30 वर्षों की अखंड परंपरा और भक्ति का महापर्व होगा।

संस्था के अध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल के साथ सचिव राजेश चौधरी और कोषाध्यक्ष महेंद्र मंशखा ने बताया कि रंग-रंगीला फागोत्सव विगत तीन दशकों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और यह आयोजन अब कोटा शहर की एक प्रतिष्ठित धार्मिक परंपरा का रूप ले चुका है। हर वर्ष इसमें कोटा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्याम प्रेमी सपरिवार उपस्थित होकर प्रभु श्री श्याम बाबा के दर्शन एवं भक्ति रस का लाभ लेते हैं। यह फागोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और पारस्परिक प्रेम का प्रतीक भी है। इसमें सभी वर्गों, आयु समूहों और समाजों के श्रद्धालु एक साथ प्रभु भक्ति में सराबोर होकर आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित