कोटा , फरवरी 21 -- राजस्थान में कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 'कोटा प्रीमियर लीग' रविवार से से जे.के.पेवेलियन अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरु होगी।
इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित कई प्रसिद्ध लोग दर्शकों का उत्साह बढ़ाने कोटा पहुंचेंगे। मैदान पर आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी नजर आएंगे।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने शनिवार को बताया कि विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उप विजेता को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट में दिल्ली, नोएडा, नागपुर, जयपुर, अजमेर, जबलपुर, कोटा और राजस्थान यूनाइटेड की टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेगी।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों के लिये प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है। मैच का लुत्फ उठाने के लिए मैदान में दो बड़ी स्क्रीन भी लगायी गयी हैं। टूर्नामेंट के सभी 15 मैचों का लाइव स्क्रीमिंग और लाइव स्कोरिंग की व्यवस्था की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित