कोटा , जनवरी 13 -- दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और रेल यात्रा को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से राजस्थान में कोटा रेल मंडल द्वारा वर्ष 2025 के दौरान 808 रेलवे दिव्यांग रियायत कार्ड जारी किए गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने मंगलवार को बताया कि एक जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच जारी किये गये इन रियायत कार्डों के माध्यम से पात्र दिव्यांग यात्रियों को रेलवे किराये में 25 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान गई। साथ ही, नियमानुसार परिचारक के साथ यात्रा करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे दिव्यांग यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित और सहज बनती है।
कोटा मंडल के दिव्यांग सेल प्रभारी जयराम मीणा ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा दृष्टिहीन, मानसिक रूप से अस्वस्थ, श्रवण एवं वाणी बाधित और शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार किराये में रियायत दी जाती है। वर्ष 2025 से रियायत प्रमाणपत्र के प्रारूप में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है, जिसके तहत दृष्टिहीन यात्रियों के लिए अलग प्रारूप और अन्य श्रेणियों के लिए अलग प्रारूप लागू किया गया है। विशेष रूप से 90 प्रतिशत या उससे अधिक दृष्टिहीनता वाले यात्रियों के लिए रियायत का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित