कोटा , मार्च 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक हवाई अड्डे के शिलान्यास को हड़ौती क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के लिए नई उम्मीदों का दिन है इससे क्षेत्र में विकास को नयी गति मिलेगी। श्री मोदी ने शिलान्यास समारोह को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान अभूतपूर्व गति से प्रगति कर रहा है और यह नया विमान पत्तन आर्थिक और औद्योगिक विकास में सहायक होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हड़ौती क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि लगभग 1,500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक विमान पत्तन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, " यह आधुनिक विमान पत्तन आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा।"प्रधानमंत्री ने अजमेर की अपनी हाल की यात्रा का उल्लेख किया, जहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर लगातार आयोजित ये कार्यक्रम राज्य के विकास पथ के बारे में सशक्त संदेश देते हैं कि 'राजस्थान आज कितनी तेजी से प्रगति कर रहा है।'श्री मोदी ने नवंबर 2023 की अपनी यात्रा को याद करते हुए संतोष व्यक्त किया कि विमान पत्तन के संबंध में जनता से किया गया वादा अब पूरा हो रहा है। उड़ानों के लिए जयपुर या जोधपुर जाने की पिछली असुविधा से मुक्ति का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा, 'जब यह विमान पत्तन शुरू होगा, तो यात्रा आसान हो जाएगी और कोटा सहित पूरे क्षेत्र में व्यापार तेजी से बढ़ेगा।"प्रधानमंत्री ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा दोनों का एक अनूठा केंद्र बताया, जो परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से विद्युत उत्पादन करता है। उन्होंने कहा कि कोटा के नये हवाई अड्डे से व्यापार तथा कारोबार की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित