कोटद्वार, 12फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पौड़ी पुलिस निरंतर सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद में प्रवेश एवं निकास करने वाले सभी वाहनों की चेकिंग बैरियर प्वाइंट्स पर की जा रही है, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थलों, बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार पैदल गश्त एवं मोबाइल गश्त कर स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है साथ ही बाहर से आकर कोटद्वार का माहौल खराब करने अथवा किसी भी प्रकार से शांति भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

पौड़ी पुलिस ने आम लोगों से अपील किया है है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, किसी भी भ्रामक/अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित