हैदराबाद , जनवरी 24 -- कोटक महिंद्रा बैंक को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में समेकित आधार पर 4,924 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर पांच प्रतिशत अधिक है।

बैंक के निदेशक मंडल की शनिवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। तिमाही के दौरान ब्याज से प्राप्त आय 17,507 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जो सालाना आधार पर 5.25 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, बैंक ने ग्राहकों को 7,384 करोड़ रुपये का ब्याज दिया।

इस दौरान गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के मामले में बैंक का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। उसका सकल एनपीए एक साल पहले के 1.50 प्रतिशत से घटकर 1.30 प्रतिशत पर आ गया जबकि शुद्ध एनपीए 0.41 प्रतिशत से कम होकर 0.31 प्रतिशत पर रहा।

आलोच्य तिमाही में बैंक द्वारा दिये गये शुद्ध ऋण में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 4,80,673 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। कुल औसत जमा भी 15 फीसदी बढ़कर 5,26,025 करोड़ रुपये रहा। चालू खाता जमा के औसत में 14 प्रतिशत और सावधि जमा में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बचत खातों में जमा राशि का औसत सालाना 12 प्रतिशत बढ़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित