कोच्चि , मार्च 29 -- भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि स्थित समुद्री युद्ध पद्धति केंद्र में 'आईओएनएस समुद्री अभ्यास (आईएमईएक्स) टीटीएक्स 2026' की मेजबानी की।

एक सरकारी विज्ञप्ति में रविवार को यह जानकारी दी गयी। इसमें कहा गया है कि करीब 16 वर्षों के अंतराल के बाद वर्ष 2026-2028 के लिए आईओएनएस की अध्यक्षता मिलने के उपरांत भारत द्वारा आयोजित यह अभ्यास क्षेत्रीय समुद्री नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

अत्याधुनिक कृत्रिम वातावरण में आयोजित इस उच्च स्तरीय अभ्यास में बंगलादेश, फ्रांस, इंडोनेशिया, केन्या, मालदीव, मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, तंजानिया और तिमोर-लेस्ते सहित 12 देशों के नौसैनिक प्रतिनिधियों और अंतर्राष्ट्रीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस बहुराष्ट्रीय भागीदारी का मुख्य उद्देश्य आपसी विश्वास को बढ़ावा देना और वैश्विक व्यापार व ऊर्जा प्रवाह के लिए महत्वपूर्ण हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में सहयोगात्मक समुद्री सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित