कोच्चि , मार्च 07 -- कोच्चि बंदरगाह पर खड़े ईरानी नौसैनिक जहाज 'आईरिस लावन' का कथित तौर पर वीडियो बनाने के आरोप में शनिवार को निजी टीवी समाचार चैनल रिपब्लिक टीवी के दो पत्रकारों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, रिपोर्टर सी.जी. शंकर, कैमरामैन एस. मणी और नाव चालक पी. विजयकुमार को उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे हार्बर क्षेत्र के पास एक नाव से युद्धपोत के दृश्य कैद करने की कोशिश कर रहे थे।

बंदरगाह की सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने इन्हें हिरासत में लेकर हार्बर पुलिस को सौंप दिया। पुलिसने बताया कि इन तीनों ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया है। ये नियम पूर्व अनुमति के बिना बंदरगाह क्षेत्र के भीतर जहाजों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की फोटोग्राफी या फिल्मिंग को प्रतिबंधित करते हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण केरल तट पर खड़े नौसैनिक या विदेशी सैन्य जहाजों की तस्वीरें लेना सख्त प्रतिबंधित है।ईरानी युद्धपोत 'आईरिस लावन' तकनीकी खराबी के बाद भारत आने की आपातकालीन की अनुमति मिलने पर इस सप्ताह की शुरुआत में कोच्चि पहुंचा था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में ईरानी जहाजों को लेकर सतर्कता बढ़ी हुई है, क्योंकि हाल ही में एक अन्य ईरानी युद्धपोत 'आईरिस डेना' के श्रीलंका तट के पास डूबने की खबर आयी थी।

कोच्चि शहर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने मीडिया और जनता से अपील की है कि वे केरल तट पर खड़े जहाजों के दृश्य साझा न करें और पहले से प्रकाशित वीडियो को हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले में उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित