वाराणसी , दिसंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूट न जाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना मजबूत एवं समावेशी लोकतंत्र की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस समीक्षा बैठक में वाराणसी कमिश्नरी के छह संगठनात्मक जिलों वाराणसी महानगर, वाराणसी जिला, चंदौली, मछलीशहर, जौनपुर एवं गाजीपुर के विधायक, सांसद, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा विधानसभा संयोजक उपस्थित रहे।
उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा " प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव कहते हैं कि "चुनाव बूथ पर लड़ा जाता है, इसलिए बूथ प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। बूथ की टीम को एक्टिवेट कर दीजिए, मतदाता सूची को अच्छी तरह छान लीजिए। अभी जितनी मेहनत कर लेंगे, चुनाव के समय उतनी कम मेहनत करनी पड़ेगी और हमारी जीत निश्चित होगी। यह सुनहरा अवसर है कि समय रहते सभी त्रुटियों को दूर कर मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाए।"मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के दौरान चार प्रमुख श्रेणियों अनमैप्ड (अनमैपिंग), मृतक, अनुपस्थित (एब्सेंट) तथा स्थानांतरित (शिफ्टेड) मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर दो-दो टीमें बनाकर घर-घर संपर्क किया जाए तथा ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए जिनका नाम किसी त्रुटि या लापरवाहीवश सूची में शामिल नहीं हो सका है। ऐसे सभी पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर समय से बीएलओ को सौंपा जाए ताकि किसी का नाम छूटने न पाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित