पटना , अप्रैल 09 -- बिहार में भोजपुर जिले के कोइलवर स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान परिसर में अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने की दिशा में तैयारी तेज हो गई है। वन विभाग की ओर से इस परियोजना को मियावाकी तकनीक के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें कम समय में घना और प्राकृतिक जंगल तैयार किया जाता है।
परियोजना के तहत लगभग 10 से 12 एकड़ क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए खाली पड़ी जमीनों की पहचान कर मैपिंग पूरी कर ली गई है। ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया है,जहां वर्तमान में कोई निर्माण नहीं है और भविष्य में भी निर्माण की संभावना नहीं है।
वन विभाग की ओर से प्रारंभिक कार्य के तहत 500 बांस के गैबियन लगाए जा चुके हैं। वहीं, मानसून सीजन में पौधारोपण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभागीय योजना के अनुसार जून-जुलाई में पौधे लगाए जाएंगे और अक्टूबर-नवंबर तक अर्बन फॉरेस्ट बनकर तैयार हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित