कोंडागांव , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में बंजारा समाज के आराध्य संत श्री सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती आज यहां चौपाटी मैदान में भव्य रूप से मनाई गई। यह आयोजन जिले में लगातार दसवीं बार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा कलश और पुरुषों एवं युवाओं द्वारा हाथों में झंडी लेकर निकाली गई विशाल शोभायात्रा से हुई। यह शोभायात्रा शनिवार को शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सेवालाल चौक पहुंची, जहां समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से संत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कढ़ाव प्रसाद अर्पित किया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः कार्यक्रम स्थल चौपाटी मैदान लौटी।

मुख्य समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक लता उसेंडी और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने बतौर अतिथि शिरकत की। समाज के लोगों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संत सेवालाल और मेरामा (जगदम्बा भवानी) की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

इस अवसर पर बंजारा समाज के जिला अध्यक्ष सुखिया राम चौहान ने सांसद महेश कश्यप से नवीन बंजारा भवन की बाउंड्री दीवार निर्माण के लिए दस लाख रुपये और विधायक लता उसेंडी से सामाजिक भवन में शेड निर्माण के लिए दस लाख रुपये देने की मांग की।

सांसद महेश कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि बंजारा समाज की संस्कृति विश्व प्रसिद्ध है। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने समाज की मांगों को सांसद निधि से नियमानुसार पूरा करने का आश्वासन दिया।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि देश की प्रगति में बंजारा समाज का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि संत सेवालाल ने समाज को दिशा दी और शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया, जिसके फलस्वरूप आज समाज आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभी को जयंती की बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को संत सेवालाल का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। समारोह में बंजारा समाज की संस्कृति पर आधारित प्रदर्शन और नन्हें बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर समाज के प्रदेश अध्यक्ष अजय नायक, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ललिता भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित