कोंडागांव , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ में कोंडागांव के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला, जहां शुक्रवार तड़के सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का ईलाज जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा आज तड़के करीब चार बजे फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिचाड़ी और मांझीआठगांव के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में लिया और फिर दो साइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल मोटरसाइकिल चालक को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।वहीं, घटना में शामिल दूसरा साइकिल सवार हादसे के बाद से लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह हादसे के बाद घबराकर कहीं चला गया या फिर घायल अवस्था में आसपास के क्षेत्र में हो सकता है।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

फरसगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित