कोंडागांव , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना का कार्य गुरुवार से प्रारंभ हो गया है।

प्रभारी अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दिनेश डे ने आज स्वयं अपना स्वगणना फॉर्म भरकर अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका के सभी कर्मचारियों का भी स्वगणना कराया।

सीएमओ ने नगरीय निकाय क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपना स्वगणना फॉर्म अनिवार्य रूप से भरें। यह प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगी।

उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना देश की योजनाओं और विकास की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सही जानकारी दर्ज करें। साथ ही उन्होंने बताया कि एक मई से 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे, जिसमें नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित