मुरैना , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिंहोनिया थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी की कॉल डिटेल ने हत्या के इस प्रकरण के राज खोल दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 2 और 3 मार्च की रात सिंहोनिया में युवक लवकुश माहौर की घर पर सोते समय गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस पहले इसे खुदकुशी का मामला मानकर चल रही थी, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे अपने पड़ोसी विक्रम परमार द्वारा लवकुश की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने मर्ग कायम कर इस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच शुरू की तो मृतक की पत्नी खुशी और उसके पड़ोसी विक्रम परमार के मोबाइल से सीडीआर से काल डिटेल निकाली तो साफ हो गया कि हत्या के समय मृतक की पत्नी और विक्रम की रात में दो तीन बार बात हुई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर विक्रम परमार को हिरासत में लेकर जब उससे कड़ी पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि मृतक की पत्नी से उसका लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक लंबे समय से सूरत (गुजरात) में मजदूरी करता था।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक घटना से बारह दिन पहले ही पुत्र के जन्म की खुशी और होली मनाने के लिए सूरत से अपने घर सिंहोनिया आया था। इसी बीच प्रेमी-प्रेमिका ने 2 ओर 3 मार्च को उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। आरोपी विक्रम उसी रात छत के सहारे प्रेमिका के कहने पर उसके घर आया ओर सोते समय उसने लवकुश माहौर की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर अपने घर जाकर सो गया। हालांकि घटना के समय जब गोली की आवाज आई तो परिजनों ने उठकर देखा तो विक्रम छत पर भागते हुए दिखाई दिया था और उसकी चप्पल भी जल्दबाजी में छत पर ही रह गईं थी।

बताया गया कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने लवकुश की हत्या के बाद भागने की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया और अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित