रामनगर, 30मार्च (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत टेड़ा क्षेत्र में दिखे दुर्लभ व्हाइट-रम्प्ड गिद्ध ,सफेद पीठ वाला गिद्ध,जिसको प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप राजवार ने बीते दिन अपने कैमरे में कैद किया है,एक साथ छह से अधिक गिद्धों का दिखाई देना वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दीप राजवार ने बताया कि गिद्धों को देखना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में उनकी संख्या में लगातार गिरावट आई है,उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के झिरना पर्यटन जोन में और 2021 में चिड़ियाघर क्षेत्र में गिद्ध दिखाई दिए थे। अब वर्ष 2026 में फिर से एक साथ सात गिद्धों का दिखना उनकी संख्या में संभावित वृद्धि का संकेत देता है।
उन्होंने कहा कि गिद्ध पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है और इन्हें प्रकृति का 'सफाई कर्मचारी' माना जाता है। पहले जहां पांच गिद्ध दिखाई दिए थे, वहीं अब सात का दिखना सकारात्मक संकेत है।
इस विषय मे प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ सुमन्ता घोष कहते है कि , गिद्ध दुनिया के सबसे अधिक संख्या में पाए जाने वाले शिकारी पक्षियों में शामिल थे और इनकी संख्या करीब 4.5 करोड़ तक आंकी जाती थी। हालांकि पशुओं में इस्तेमाल होने वाली दर्दनाशक दवाओं, विशेषकर नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स के कारण इनकी आबादी में भारी गिरावट आई है। इन दवाओं के अवशेष पशुओं के शवों में रह जाते हैं, जिन्हें खाने के बाद गिद्धों में किडनी फेलियर जैसी समस्या हो जाती है। भारत में गिद्धों की संख्या में 99.9 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित