रामनगर,27फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड में कॉर्बेट लैंडस्केप के हरे-भरे जंगलों में एक मनमोहक और दुर्लभ दृश्य कैमरे में कैद हुआ है, सफेद कलगी वाली लाफिंग थ्रश फायरबुश पौधे के चमकीले लाल फूलों से अमृत का आनंद लेते हुए दिखाई दी,यह सुंदर क्षण प्रसिद्ध वन्यजीव प्रेमी संजय छिम्वाल ने अपने कैमरे में कैद किया।

सफेद कलगी वाली लाफिंग थ्रश, जिसे अंग्रेजी में व्हाइट क्रस्टेड लाफिंग थ्रस कहा जाता है, अपनी आकर्षक सफेद कलगी और चंचल स्वभाव के लिए जानी जाती है,आमतौर पर यह पक्षी झुंड में दिखाई देता है और अपनी तेज, हंसी जैसी आवाज के कारण पहचाना जाता है,लेकिन इस बार इसे फूलों का रसपान करते देखना प्रकृति प्रेमियों के लिए खास अनुभव रहा।

कॉर्बेट लैंडस्केप, जो कि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के आसपास फैला विस्तृत वन क्षेत्र है, जैव विविधता के लिए विश्व प्रसिद्ध है,यहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षी, वन्यजीव और दुर्लभ वनस्पतियां पाई जाती हैं,फायरबुश पौधा अपने आकर्षक लाल-नारंगी फूलों के लिए जाना जाता है, जो मधुरस से भरपूर होते हैं और पक्षियों व तितलियों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित