रामनगर , मार्च 05 -- उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे रामनगर वन प्रभाग के सीताबनी क्षेत्र से जैव विविधता से जुड़ी एक बेहद उत्साहजनक खबर सामने आई है,यहां दुर्लभ कठफोड़वा प्रजाति (व्हाइट-नेप्ड वुडपेकर) का पूरा परिवार एक साथ कैमरे में कैद किया गया है, एक साथ तीन से चार पक्षियों का दिखाई देना वन्यजीव विशेषज्ञों के लिए महत्वपूर्ण अवलोकन माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्लभ दृश्य प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने अपने कैमरे में कैद किया है। उन्होंने सीताबनी के जंगलों में इस प्रजाति के तीन से चार वुडपेकर को एक साथ देखा और उनका फोटो कैमरे में कैद किया,लंबे समय बाद इस प्रजाति का एक ही परिवार इस तरह दिखाई देना वन्यजीव प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि व्हाइट-नेप्ड वुडपेकर बेहद दुलर्भ प्रजाति है और इसे देख पाना आसान नहीं होता, आमतौर पर यह पक्षी अकेले या जोड़े में दिखाई देता है लेकिन एक साथ चार पक्षियों का दिखाई देना वास्तव में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यह अवलोकन क्षेत्र में वन संरक्षण और बेहतर पारिस्थितिकी संतुलन का संकेत देता है। सीताबनी क्षेत्र से सामने आया यह फोटो रिकॉर्ड न केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि यह कॉर्बेट लैंडस्केप की समृद्ध जैव विविधता और सफल संरक्षण प्रयासों की भी एक महत्वपूर्ण झलक पेश करता है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक व्हाइट-नेप्ड वुडपेकर मुख्य रूप से सूखे पर्णपाती जंगलों और पुराने, बड़े पेड़ों वाले क्षेत्रों में पाया जाता है। यह पक्षी पेड़ों की छाल में छिपे कीड़ों और लार्वा को निकालकर खाता है, जिससे जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कॉर्बेट लैंडस्केप में इस प्रजाति का दिखना बहुत सामान्य नहीं माना जाता, इसलिए एक साथ कई पक्षियों का दिखाई देना क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का सकारात्मक संकेत है।
वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी इस क्षेत्र में इस प्रजाति की झलक मिली थी। उन्होंने कहा कि यह पहला सास्य है जो लंबे समय बाद एक साथ चार वुडपेकर का एक ही परिवार रिकॉर्ड करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह दृश्य इस बात का संकेत है कि सीताबनी का जंगल अभी भी कई दुर्लभ प्रजातियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल आवास बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित