नैनीताल , दिसंबर 15 -- उत्तराखंड के कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला क्षेत्र से एक रोमांचक और हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, इस वीडियो में जंगल का राजा कहे जाने वाला बाघ खुद एक दूसरे शिकारी का शिकार बनते-बनते बचता हुआ दिखाई दे रहा है।

करीब 18 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रामगंगा नदी के किनारे मौजूद बाघ पर अचानक पानी के भीतर से एक मगरमच्छ हमला कर देता है। हमला इतना अचानक होता है कि पल भर के लिए बाघ असंतुलित हो जाता है, लेकिन अपनी फुर्ती और ताकत के दम पर वह खुद को संभाल लेता है और मगरमच्छ के जबड़ों से बच निकलता है। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला जोन स्थित रामगंगा नदी का है,रामगंगा नदी मगरमच्छों और घड़ियालों का प्राकृतिक आवास मानी जाती है,यहां अक्सर बाघ, हाथी और अन्य वन्यजीव पानी पीने या नदी पार करने के दौरान पहुंचते हैं। ऐसे में अलग-अलग प्रजातियों के बीच आमना-सामना होना कोई नई बात नहीं है.इस पूरे मामले पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की निदेशक डॉ. साकेत पटोला ने सोमवार को कहा कि जंगल में सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट का नियम चलता है,जो सबसे सक्षम होता है, वही जीवित रहता है,यह नियम एक ही प्रजाति के भीतर भी लागू होता है और अलग-अलग प्रजातियों के बीच भी,उन्होंने बताया कि जंगल में अलग-अलग स्पीशीज के बीच इस तरह की इंटरेक्शन की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं और यह वीडियो भी उसी प्राकृतिक प्रक्रिया का एक उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित