रामनगर,16दिसंबर(वार्ता)उत्तराखंड के कॉर्बेट क्षेत्र में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की दिशा में एक बड़ी और सराहनीय पहल सामने आई है। क्षेत्र की पर्यावरण सखियों ने रामनगर ब्लॉक के विभिन्न गांवों से कम मूल्य वाले प्लास्टिक कचरे का सफलतापूर्वक संग्रह एवं स्थानांतरण कर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की है।
पर्यावरण सखियों द्वारा हिम्मतपुर डोटियाल, सांवल्दे ईस्ट, सांवल्दे वेस्ट, ढेला, गौतम नगर मालधन, आनंद नगर मालधन, लछमपुर थेरी, क्यारी, ढिकुली, सीटीआर कैंपस और गर्जिया मंदिर क्षेत्र स्थित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) से कुल 4850 किलोग्राम कम मूल्य वाले प्लास्टिक कचरे (जिसमें एमएलपी , टेट्रापैक आदि शामिल हैं) का संग्रह किया गया।
संग्रहित प्लास्टिक कचरे को 192 गांठों (बेल्स) के रूप में देहरादून स्थित वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के एमआरएफ हर्रावाला केंद्र भेजा गया है, जहां इसका को-प्रोसेसिंग एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामनगर, ज्येष्ठ एवं कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान हिम्मतपुर डोटियाल, क्षेत्र की पर्यावरण सखियाँ और वेस्ट वॉरियर्स कॉर्बेट टीम उपस्थित रहीं। जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता और सतत कचरा प्रबंधन की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसी पहलें न केवल प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में सहायक हैं, बल्कि ग्रामीण स्तर पर जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करती हैं। पर्यावरण सखियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।
यह पहल कॉर्बेट क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित