रामनगर,29दिसंबर(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में अवैध गतिविधियों, वन क्षेत्र में घुसपैठ और वन्यजीव शिकार की आशंकाओं को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा पर एक अंतरराज्यीय संयुक्त फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ उप वन प्रभाग की ढेला, झिरना और कालागढ़ रेंज के साथ-साथ तराई पश्चिमी वन प्रभाग की फांटो और पतरामपुर रेंज तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर वन प्रभाग की अमानगढ़ रेंज की टीमों के सहयोग से किया गया।
संयुक्त फ्लैग मार्च की शुरुआत ढेला क्षेत्र से की गई, जो 14 नंबर चौकी, गुज्जर कैंप, शिकारी कुआं, गुज्जर डेरा और झुल्लू मोड़ चौकी होते हुए पतरामपुर उत्तर प्रदेश सीमा तक पहुंचा। इसके बाद अभियान जसपुर, बादीगढ़, कैरीपुर, ग्राम धारा, लालबाग, कालागढ़ सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में संचालित किया गया।
इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना, किसी भी प्रकार की अवैध शिकार गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा सीमा क्षेत्रों में संभावित घुसपैठ की आशंकाओं पर कड़ी निगरानी रखना था। अभियान के दौरान वन क्षेत्र में निवासरत गुर्जर बस्तियों में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
टीमों ने मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से संभावित अवैध गतिविधियों के संकेत तलाशे। गहन जांच के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री या अवैध गतिविधि का कोई प्रमाण नहीं मिला। इसके साथ ही वन क्षेत्र में रहने वाले गुर्जर परिवारों को आगामी फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए वनाग्नि से बचाव, सतर्कता और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया, ताकि वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फ्लैग मार्च से पूर्व कालागढ़ उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री अमित कुमार ग्वासीकोटी द्वारा सभी टीमों को ब्रीफिंग दी गई। उन्होंने अभियान के दौरान समन्वय और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। संयुक्त फ्लैग मार्च का समापन कालागढ़ क्षेत्र में किया गया।
वन विभाग ने बताया कि यह अभियान अंतरराज्यीय समन्वय, सतर्कता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस प्रकार के अभियानों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और संरक्षण व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। इस संयुक्त कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी श्री भानु प्रकाश हरबोला (ढेला) और श्री नंद किशोर रुवाली (झिरना/कालागढ़) सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित